सीतापुर पुलिस का बड़ा एक्शन, सर्राफा व्यापारी से लूट का 72 घंटे में खुलासा!
सीतापुर। जनपद सीतापुर की संदना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो इनामी बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, थाना संदना क्षेत्र के मंझारी चौराहे पर गत 6 नवंबर को सर्राफा व्यापारी विमलेश रस्तोगी के साथ लूट की घटना हुई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीमों को लगाया गया था।
लूट की घटना में शामिल बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद 10 नवंबर को थाना संदना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गणेशपुर सरकारी ट्यूबवेल तिराहे के पास मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान पुत्र इसहाक, निवासी गोलागोकरणनाथ तथा दीपक सिंह पुत्र लाल सिंह, निवासी थाना हैदराबाद, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए करीब 25 ग्राम सोने के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा 31 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले में अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सर्राफा व्यापारी लूटकांड का त्वरित खुलासा होने से पुलिस टीम की कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24
संवाददाता: सुनील सिंह
ब्यूरो चीफ, सीतापुर


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें