कंचनपुर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव के समीप गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नहर के किनारे एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कंचनपुर निवासी 42 वर्षीय राजेश प्रसाद पुत्र वीरन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश खेती-बाड़ी का काम करता था। परिजनों के अनुसार बुधवार शाम वह घर आया था। भोजन के बाद घर में किसी बात को लेकर कहासुनी होने की बात सामने आई है। इसके बाद गुरुवार सुबह उसका शव नहर किनारे पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह के अनुसार शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। रिपोर्ट: अखिलेश दुबे जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24