बैतूल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अपहृत युवती सकुशल बरामद, दो आरोपी पुलिस अभिरक्षा में
बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बीजादेही थाना क्षेत्र में युवती के अपहरण एवं परिवार के साथ मारपीट के मामले में बैतूल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत 24 वर्षीय युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं मामले के दो मुख्य आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घर में घुसकर परिवार के साथ की थी मारपीट
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को ग्राम बालईमाल निवासी फूलचंद यादव (42 वर्ष) ने थाना बीजादेही में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे बबलू यादव निवासी फोंगरिया मण्डाई अपने 7-8 साथियों के साथ बोलेरो वाहन से उसके घर पहुंचा।
आरोप है कि सभी लोग जबरन घर में घुस गए और फरियादी तथा उसकी पत्नी के साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मिर्च पाउडर फेंका और फरियादी की 24 वर्षीय पुत्री राधिका यादव को जबरन बोलेरो वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। जाते समय आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया गंभीर धाराओं में मामला
फरियादी की शिकायत पर थाना बीजादेही में अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की।
चार थानों और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसडीओपी शाहपुर श्रीमती अर्चना शर्मा के नेतृत्व में थाना बीजादेही, शाहपुर, चिचोली एवं साइबर सेल बैतूल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने लगातार संभावित ठिकानों पर तलाश, दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद 2 नवंबर 2026 को पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी बबलू यादव पिता दीना यादव (30 वर्ष), निवासी फोंगरिया तथा सह आरोपी राजेश यादव पिता भज्जू यादव, निवासी मण्डई को पुलिस अभिरक्षा में लिया।
युवती को परिजनों के सुपुर्द किया
पुलिस टीम ने अपहृत युवती राधिका यादव को सकुशल दस्तयाब कर लिया। युवती के कथन दर्ज किए जाने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। युवती की सकुशल बरामदगी से परिवार ने राहत की सांस ली।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से की अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। मारपीट, जबरन किसी को अपने साथ ले जाना और धमकी देना गंभीर अपराध हैं। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपराध एवं अपराधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल 112 पर देने की अपील की। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
रिपोर्ट: अकरम खान पटेल
ब्यूरो चीफ, बैतूल
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें