| विज्ञापन व संवाददाता बनने हेतु संपर्क: 6306758202
Breaking News
• जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24 में आपका स्वागत है! • अपने क्षेत्र से संवाददाता या पत्रकार बनने के लिए और विज्ञापन के लिए तुरंत संपर्क करें: 6306758202 •

जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24

क्षेत्रीय संवाददाता एवं पत्रकार बनने के लिए संपर्क करें: 6306758202

 

38 वर्षों तक पुलिस विभाग को सेवाएं देने वाले उपनिरीक्षक सहित चार पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त, पुलिस अधीक्षक ने सम्मानपूर्वक दी भावभीनी विदाई

बैतूल | अकरम खान पटेल | ब्यूरो चीफ बैतूल

बैतूल। जिला पुलिस बैतूल में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए चार पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान में मंगलवार, 03 नवंबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम बैतूल में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना ने सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया और उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।


इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिवारजन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। समारोह का माहौल सम्मान, आत्मीयता और भावुकता से भरा रहा।


38 वर्षों तक पुलिस विभाग में दी सेवाएं

सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उपनिरीक्षक श्री सुभाष कुमार भलावी प्रमुख रूप से शामिल रहे, जिन्होंने 01 अक्टूबर 1988 से पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं प्रारंभ कर लगभग 38 वर्षों का लंबा सेवाकाल पूरा किया।


इसके अलावा प्रधान आरक्षक क्रमांक 375 श्री सुरेश कुमार आठनकर ने वर्ष 2008 से जिला पुलिस बैतूल में सेवाएं दीं। प्रधान आरक्षक क्रमांक 501 श्री मनोज महेंद्र ने भी वर्ष 2008 से पुलिस विभाग में अपने दायित्वों का निर्वहन किया। वहीं प्रधान आरक्षक क्रमांक 554 श्री अजाबराव बागदरे ने वर्ष 1998 से लगभग 28 वर्षों तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।


पुलिस अधीक्षक ने की सेवाकाल की सराहना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना ने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। प्रत्येक शासकीय सेवक को एक दिन सेवानिवृत्त होना होता है, लेकिन पूरी सेवा अवधि के दौरान स्वच्छ छवि, निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।


उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अधिकारी-कर्मचारियों को अनेक कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करना पड़ता है। ड्यूटी की जिम्मेदारियों के साथ अपने परिवार का ध्यान रखना, बच्चों को अच्छी शिक्षा देना और उन्हें बेहतर भविष्य प्रदान करना भी एक बड़ी उपलब्धि है।

पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों से उनके सेवाकाल के अनुभव साझा करने का आग्रह किया, ताकि उनके अनुभवों से विभाग में कार्यरत अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी प्रेरणा ले सकें।

सेवानिवृत्ति के बाद भी बना रहेगा विभाग से संबंध

पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी पुलिस विभाग के साथ उनका आत्मीय संबंध हमेशा बना रहेगा।

उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की पुलिस संबंधी सहायता की आवश्यकता होने पर वे निःसंकोच संपर्क कर सकते हैं। साथ ही विभाग को अपने अनुभवों एवं मार्गदर्शन से सहयोग देते रहने का भी आग्रह किया।

वरिष्ठ अधिकारी एवं परिवारजन रहे उपस्थित

विदाई समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बैतूल सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम, क्राइम सीन एक्सपर्ट निरीक्षक श्री आबिद अंसारी, रक्षित निरीक्षक बैतूल श्री प्रदीप रघुवंशी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही सेवानिवृत्त होने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों के परिवारजन भी समारोह में शामिल हुए।

अंत में जिला पुलिस बैतूल की ओर से चारों सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को उनके लंबे सेवाकाल के लिए सम्मानित करते हुए स्वस्थ, सुखद, मंगलमय एवं उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

रिपोर्ट: अकरम खान पटेल
ब्यूरो चीफ बैतूल
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बैतूल: सरपंच बनाम पत्रकार विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामने, जांच की मांग तेज