जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकाली जा रही प्रभात फेरियां
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24 रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
रामपुर। जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में, गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रामपुर में प्रभात फेरियां श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जा रही हैं
इसी क्रम में 10 नवंबर को प्रभात फेरी गुरुद्वारा संत भाई जी बाबा, सिविल लाइंस रामपुर से प्रातः 5:15 बजे आरंभ हुई। प्रभात फेरी सुरजीत सिंह, सतीश कुमार एवं अंकित कुमार के निवास स्थानों से होते हुए स्वर्गीय विशन सिंह के घर और जगन्नाथ चावला के घर पहुंची। इसके बाद प्रभात फेरी ने संपूर्ण रामनाथ कॉलोनी का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान श्रद्धालु शबद कीर्तन और गुरबाणी कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे। विभिन्न स्थानों पर संगत द्वारा प्रभात फेरी का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया तथा प्रसाद का वितरण किया गया। एक स्थान पर विशेष कीर्तन का आयोजन किया गया और लंगर प्रसाद भी वितरित किया गया। प्रभात फेरी का समापन प्रातः लगभग 7:30 बजे गुरुद्वारा साहिब में हुआ।
प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए और पूरे श्रद्धा भाव से शबद एवं गुरबाणी कीर्तन करते हुए चले। प्रभात फेरी के आगे इकबाल सिंह निशान साहिब लेकर सेवा कर रहे थे, जबकि ठेले की सेवा निक्का सिंह द्वारा की जा रही थी।
इसके अतिरिक्त, संगत द्वारा सहज पाठ साहिब का आयोजन भी किया जा रहा है। प्रतिदिन रात्रि 8:45 बजे से 9:15 बजे तक संगति रूप में पाठ किया जा रहा है, जिसकी समाप्ति 24 नवंबर को होगी। जानकारी के अनुसार गत रात्रि तक 1267 पृष्ठों का पाठ किया जा चुका है।
आगामी कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर को प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब से प्रातः 5 बजे आरंभ होगी। यह प्रभात फेरी सतविंदर सिंह आहूजा के निवास से होते हुए श्री गुरु गोविंद सिंह पार्क के आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगी।
प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में संगत के साथ-साथ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने भी सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सेवा का भाव देखने को मिला।
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24 रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें