गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकली प्रभात फेरी, जगह-जगह हुआ संगत का स्वागत
रामपुर। जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में, गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रामपुर में प्रभात फेरियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार, 12 नवंबर को प्रभात फेरी गुरुद्वारा संत भाई जी बाबा, सिविल लाइंस रामपुर से प्रातः 5:15 बजे आरंभ हुई।
प्रभात फेरी सतविंदर सिंह आहूजा के घर से होते हुए श्री गुरु गोविंद सिंह पार्क पहुंची, जहां शब्द कीर्तन का आयोजन किया गया तथा संगत के बीच लंगर प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद प्रभात फेरी पार्क के आसपास स्थित मनमोहन सिंह, कंवलजीत सिंह चित्कारा, बिंदरपाल सिंह खुराना, नरेंद्र सिंह एवं नरेंद्र पाल सिंह के घरों के मार्ग से गुजरते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंची। प्रभात फेरी का समापन प्रातः लगभग 7 बजे हुआ।
प्रभात फेरी के दौरान रास्ते भर शब्द एवं गुरबाणी कीर्तन का आयोजन होता रहा। विभिन्न स्थानों पर संगत ने श्रद्धापूर्वक प्रभात फेरी का स्वागत किया और प्रसाद का वितरण किया गया। इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए और कीर्तन करते हुए संगत के साथ चले।
प्रभात फेरी के आगे इकबाल सिंह निशान साहिब लेकर सेवा करते रहे, जबकि ठेले की सेवा निक्का सिंह द्वारा की गई।
इसके अतिरिक्त, संगत द्वारा 20 जुलाई से प्रतिदिन रात्रि 8:45 बजे से 9:15 बजे तक सामूहिक रूप से सहज पाठ साहिब का पाठ किया जा रहा है। बताया गया कि इस पाठ की समाप्ति 24 नवंबर को होगी। गत रात्रि तक सहज पाठ के 1285 पृष्ठ पढ़े जा चुके हैं।
वहीं, 13 नवंबर को भी प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब से प्रातः 5 बजे आरंभ होगी। यह प्रभात फेरी नेशनल हाईवे स्थित स्वर्गीय दर्शन सिंह कंधारी के घर से होते हुए महेंद्र पाल सिंह रतड़ा, बॉबी बस ऑफिस और नरूला ढाबा के रास्ते स्वर्गीय रघुवीर सिंह उप्पल के घर तक पहुंचेगी। इसके बाद राम सिंघल हॉस्पिटल के बराबर वाली गली में स्थित बलजीत सिंह छाबड़ा के घर तक जाएगी और वहां से वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत के साथ-साथ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने भी सहभागिता की।
जिला रिपोर्टर यूसुफ की रिपोर्ट,
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24, रामपुर।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें