जिलाधिकारी ने वीएचएसएनडी सत्र का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने आज विकास खंड महोली की ग्राम पंचायत हेमपुर स्थित पंचायत भवन में संचालित वीएचएसएनडी सत्र का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वीएचएसएनडी सत्र एवं गर्भवती महिलाओं के गोदभराई कार्यक्रम की समुचित तैयारियां न मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकत्री को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में दवाओं के एक्सपायर पाए जाने, परिसर में गंदगी मिलने तथा विभिन्न रजिस्टरों के अद्यतन न होने पर भी जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। एएए बैठक का रजिस्टर अद्यतन न पाए जाने पर संबंधित सीएचओ एवं एएनएम का 15-15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने वीएचएसएनडी सत्र के दौरान एक भी गर्भवती महिला उपस्थित न मिलने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित के विरुद्ध सेवा समाप्ति क्यों न की जाए, इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सत्र की समुचित मॉनिटरिंग न किए जाने पर संबंधित सुपरवाइजर को नोटिस जारी करने तथा आशा कार्यकत्री द्वारा कार्यों में लापरवाही बरतने पर भी नोटिस देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं और वीएचएसएनडी सत्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
रिपोर्टर: सुनील सिंह
ब्यूरो चीफ, सीतापुर
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24 📰

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें