संजीवनी शिक्षा अभियान से बदली सरकारी स्कूलों की तस्वीर, आलमगढ़ के विद्यालयों का हुआ कायाकल्प
रिपोर्ट : अकरम खान पटेल
ब्यूरो चीफ, बैतूल (मध्य प्रदेश)
📺 जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
विशेष प्रस्तुति : राहत की बात, अकरम पटेल के साथ
बैतूल। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित शिक्षा संजीवनी अभियान के सकारात्मक परिणाम अब ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई देने लगे हैं। इसी कड़ी में बैतूल जिले के विकासखंड चिचोली अंतर्गत ग्राम आलमगढ़ (बोदलदाना) के सरकारी विद्यालयों की तस्वीर तेजी से बदल रही है।
शिक्षा संजीवनी अभियान के अंतर्गत पीएम श्री शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला आलमगढ़ एवं प्राथमिक शाला आलमगढ़ में सुधार और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है। विद्यालयों में फर्श पर टाइल्स लगाने का कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही पुताई और पुट्टी का काम भी पूर्ण कर लिया गया है। इन कार्यों के बाद विद्यालय परिसर पहले की अपेक्षा अधिक साफ-सुथरा और आकर्षक नजर आने लगा है।
जर्जर भवन की स्थिति में भी हो रहा सुधार
विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष की स्थिति पहले जर्जर थी। अब भवन के निरीक्षण और मरम्मत से जुड़े कार्य प्रगति पर हैं। इससे विद्यालय परिसर की सुंदरता के साथ-साथ बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने की पहल की सराहना
स्कूलों में हुए बदलाव को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। उनका मानना है कि सरकारी स्कूलों का बेहतर वातावरण बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करेगा। साथ ही विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का विकास होने से शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद है।
सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने की सकारात्मक पहल
शिक्षा संजीवनी अभियान के माध्यम से सरकारी विद्यालयों की दशा सुधारने की यह पहल ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जरूरत है कि इसी तरह स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता और रखरखाव पर लगातार ध्यान दिया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24 की विशेष प्रस्तुति — राहत की बात, अकरम पटेल के साथ।
रिपोर्ट: अकरम खान पटेल, बैतूल (मध्य प्रदेश)

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें