बैतूल में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार
70 लीटर से अधिक अंग्रेजी और देशी शराब जब्त, मोटरसाइकिल सहित 93 हजार रुपये से अधिक का मशरूका बरामद
बैतूल। जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए बैतूल पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली बैतूल पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 70 लीटर 560 एमएल अंग्रेजी एवं देशी शराब तथा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 93 हजार 472 रुपये बताई गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी बैतूल सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के मुताबिक, दिनांक 1 नवंबर 2026 को चौकी पाढ़र पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बालाजी कॉलेज आठवां मील के पीछे श्मशान घाट के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई। पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सहित दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया।
392 क्वार्टर शराब बरामद
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मन्तु कुमरे पिता भारत कुमरे, उम्र 29 वर्ष तथा विनोद धुर्वे पिता मनोहर धुर्वे, उम्र 21 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम गोंडी बडगी, थाना कोतवाली बैतूल बताया।
तलाशी के दौरान पुलिस को चार बोरियों में कुल 392 क्वार्टर शराब मिली। इसमें 144 क्वार्टर ऑफिसर चॉइस अंग्रेजी शराब, जिसकी मात्रा 25 लीटर 920 एमएल तथा 248 क्वार्टर देशी प्लेन मदिरा, जिसकी मात्रा 44 लीटर 640 एमएल है। इस प्रकार कुल 70 लीटर 560 एमएल शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 43 हजार 472 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल क्रमांक MP-48-MT-5617, जिसकी कीमत 50 हजार रुपये है, उसे भी पुलिस ने जब्त किया। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका की कीमत 93 हजार 472 रुपये आंकी गई है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 00/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक छत्रपाल धुर्वे, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश रैकवार, प्रधान आरक्षक 238 कामता प्रसाद, आरक्षक 347 विष्णु चौहान एवं सैनिक 133 बंडू दरवई सहित साक्षीगण की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24
रिपोर्टर: अकरम खान पटेलब्यूरो चीफ – बैतूल (मध्य प्रदेश)


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें