सीतापुर में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
जन जन की आवाज न्यूज़ 24 | सीतापुर
सीतापुर। जनपद के थाना रेउसा क्षेत्र अंतर्गत अमलोरा गांव में शनिवार सुबह युवक और युवती के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
2-3 वर्षों से थी जान-पहचान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अमलोरा गांव निवासी दिलीप शुक्ला (22 वर्ष) और गांव की ही रुचि कुमारी (20 वर्ष) एक-दूसरे को पिछले करीब दो से तीन वर्षों से जानते थे। दोनों के घरों की दूरी भी काफी कम बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, करीब आठ महीने पहले दोनों के संबंधों की जानकारी परिवार को हुई थी।
छह महीने पहले हुई थी युवती की शादी
बताया जा रहा है कि परिवार को जानकारी मिलने के बाद युवती की शादी करीब छह महीने पहले दूसरे युवक से कर दी गई थी। इसके बाद भी दोनों के बीच संपर्क होने की बात सामने आई है। पुलिस इन सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
करवाचौथ पर मायके आई थी युवती
जानकारी के मुताबिक, युवती 29 अक्टूबर को करवाचौथ के अवसर पर मायके आई थी। शनिवार सुबह गांव के लोगों ने घर के पास स्थित एक छप्परनुमा बैठक में दोनों के शव देखे, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही रेउसा थानाध्यक्ष हनुमंत तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों परिवारों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
संवाददाता: सुनील सिंह
ब्यूरो चीफ, सीतापुर
जन जन की आवाज न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें