मतदाता सूची में गंभीर अनियमितताओं का आरोप, पूर्व विधायक संजय कपूर ने डीएम को सौंपा ज्ञापन; निष्पक्ष जांच की मांग
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24 – रामपुर
जिला रिपोर्टर यूसुफ की रिपोर्ट
रामपुर, 12 नवंबर 2026। विधानसभा क्षेत्र 36-बिलासपुर की मतदाता सूची में कथित गंभीर अनियमितताओं और मतदाताओं के नामों के विलोपन का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। पूर्व विधायक संजय कपूर के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी रामपुर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से पूर्व विधायक संजय कपूर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में सामने आ रही विसंगतियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से हटाए गए नामों की जो सूची प्राप्त हुई है, उसमें सैकड़ों-हजारों ऐसे नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो पहले कभी संबंधित मूल मतदाता सूची में दर्ज ही नहीं थे।
पूर्व विधायक ने सवाल उठाया कि जब संबंधित व्यक्तियों के नाम मूल मतदाता सूची में मौजूद ही नहीं थे, तो फिर उनके नाम विलोपन की सूची में किस आधार पर और कहां से शामिल किए गए? उन्होंने इसे निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए पूरे प्रकरण की जांच कर वास्तविक स्थिति जनता के सामने स्पष्ट करने की मांग की।
डीएम ने दिया जांच और कार्रवाई का आश्वासन
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना और उसके मतदान के अधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
प्रतिनिधिमंडल की शिकायत को जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि मामले की शीघ्र जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही समस्या का उचित समाधान निकालने का भरोसा भी दिलाया।
कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष बाकर अली खान, बिलासपुर ब्लॉक अध्यक्ष गुरबाज सिंह, रवि टंडन, दुर्गेश मौर्य, अजीव सिंह, नोमान मुमताज़ खान, साहिर रज़ा खान, राज कपूर, कपिल चौधरी, मोहन स्वरूप पटेल, जीवेंद्र सिंह गंगवार, मोहम्मद उमर अल्वी, मुबीन खान, आमिर अहमद खान सहित जिला एवं विधानसभा क्षेत्र के अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी कांग्रेस
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा लोकतंत्र की बुनियाद है। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से काटा जाता है या किसी ऐसे व्यक्ति का नाम बिना उचित आधार के विलोपन सूची में शामिल किया जाता है, जिसका नाम मूल सूची में था ही नहीं, तो यह गंभीर जांच का विषय है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी निष्पक्ष जांच एवं न्याय सुनिश्चित होने तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
जारीकर्ता: नोमान मुमताज़ खान जिला अध्यक्ष, मीडिया जिला कांग्रेस कमेटी, रामपुर

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें