जैतहरी में किसानों और मजदूरों का विशाल प्रदर्शन, जुलूस निकालकर सौंपा ज्ञापन
नीना शर्मा बोलीं– लूट, शोषण, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे किसान-मजदूर, मांगें पूरी नहीं हुईं तो 11 दिसंबर से सोन नदी बैराज पहुंच मार्ग पर होगा अनिश्चितकालीन धरना
अनूपपुर (मध्यप्रदेश)। लूट, शोषण, अत्याचार, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के खिलाफ किसानों, मजदूरों, महिलाओं एवं आम नागरिकों ने एकजुट होकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू एवं मध्यप्रदेश किसान सभा के संयुक्त आह्वान पर जैतहरी में विशाल जुलूस, विरोध प्रदर्शन और जनसभा का आयोजन किया गया। प्रदर्शन के दौरान सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और विभिन्न जनसमस्याओं तथा श्रमिकों की मांगों को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जैतहरी बस स्टैंड से हुई, जहां बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, महिलाएं और संगठन के कार्यकर्ता एकत्रित हुए। यहां से विशाल जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचा। जुलूस में शामिल प्रदर्शनकारियों ने अपने अधिकारों की मांग करते हुए नारे लगाए। एसडीएम कार्यालय परिसर में प्रदर्शन के बाद जनसभा आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने केंद्र एवं मध्यप्रदेश सरकार की नीतियों, मजदूरों के शोषण, किसानों की समस्याओं और क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं पर विस्तार से अपनी बात रखी।
मजदूरों का शोषण अब बर्दाश्त नहीं होगा : जुगुल किशोर राठौर
सभा का संचालन संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू के नेता जुगुल किशोर राठौर ने किया। उन्होंने कहा कि मजदूरों के बीच भेदभाव और शोषण अपनी चरम सीमा पर पहुंच चुका है। मेहनत करने वाले श्रमिकों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। मजदूरों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, महिलाएं और आम जनता अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए एकजुट हैं और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
जनता की बुनियादी जरूरतों से ज्यादा पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता : नीना शर्मा
सभा की मुख्य वक्ता भोपाल से पहुंचीं अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राज्य उपाध्यक्ष नीना शर्मा ने अपने संबोधन में केंद्र एवं मध्यप्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज देश की आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, शोषण और भ्रष्टाचार से परेशान है। गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और बुजुर्गों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए बजट की कमी बताई जाती है, जबकि कॉरपोरेट घरानों और पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान मोजर बेयर पावर प्लांट जैतहरी के प्रबंधन के खिलाफ भी मजदूरों ने आवाज बुलंद की। श्रमिकों ने कथित शोषण, वेतन में असमानता, अन्याय और भेदभाव के आरोप लगाते हुए प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
इसी दौरान जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय और यूनियन नेताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। इस पर यूनियन अध्यक्ष जुगुल किशोर राठौर ने कहा कि मजदूर आपके सुविधानुसार न रोएंगे और न हंसेंगे। पुलिस की नियुक्ति कानून की रक्षा और आम नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए हुई है, न कि आंदोलनकारियों पर रौब दिखाने के लिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठाना और आंदोलन करना मजदूरों एवं आम नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। आंदोलनकारियों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान किया जाना चाहिए।
जनसभा को अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की जिला अध्यक्ष पार्वती राठौर, सहसचिव ज्योति रजक, कुसुम राठौर, सरस्वती राठौर, सीटू के जिला अध्यक्ष रामू यादव, कोयला श्रमिक संघ के नेता देवेंद्र निराला, माकपा जिला सचिव रमेश सिंह राठौर, मध्यप्रदेश किसान सभा के जिला सचिव ओमप्रकाश राठौर एवं लल्लन राठौर, आदिवासी एकता महासभा के नेता तेरसु सिंह गोड़, संजय मार्को, कमलेश सिंह राठौर, संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन के नेता मोतीलाल रजक तथा नल-जल योजना के श्रमिकों की ओर से रामकृपाल, लवनीश एवं महेंद्र सिंह ने संबोधित किया।
आंदोलन में मध्यप्रदेश किसान सभा के जिला अध्यक्ष दलबीर केवट, महिला समिति की जिला सचिव सुमित्रा सिंह, गोमती परस्ते, राधा राठौर, गुलाब बाई चौधरी, अनीता राठौर, आरती सिंह गोड़, ऊषा राठौर, ललिता राठौर, चंदा राठौर और गीता राठौर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, किसान, मजदूर एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
आंदोलन से प्रशासन को दिया संघर्ष तेज करने का संदेश
जैतहरी में आयोजित इस विशाल प्रदर्शन के माध्यम से किसान, मजदूर और महिला संगठनों ने साफ संदेश दिया कि क्षेत्र की जनसमस्याओं, श्रमिकों के अधिकारों और किसानों की मांगों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि ज्ञापन में शामिल मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो 11 दिसंबर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने कहा कि न्याय, सम्मान और अधिकारों की इस लड़ाई को आगे भी एकजुट होकर जारी रखा जाएगा।
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24 अनूपपुर (मध्यप्रदेश)
रिपोर्टर राजेश कुमार चौधरी की रिपोर्ट

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें