एआई और मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से हो सकती हैं मानसिक समस्याएं
महात्मा गांधी शांति स्मारक महाविद्यालय में आयोजित हुई कार्यशाला, विद्यार्थियों को तकनीक के संतुलित उपयोग के प्रति किया गया जागरूक
गाजीपुर। आधुनिक दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मोबाइल फोन का बढ़ता उपयोग जहां शिक्षा, संचार और दैनिक जीवन को आसान बना रहा है, वहीं इनका अत्यधिक एवं अनियंत्रित इस्तेमाल मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव भी डाल सकता है। यह बात गरुआ मकसूदपुर स्थित महात्मा गांधी शांति स्मारक महाविद्यालय में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में सामने आई।
महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की ओर से 'कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मोबाइल फोन के उपयोग के मनोवैज्ञानिक प्रभाव' विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर अमरनाथ राय ने विद्यार्थियों को तकनीक के बढ़ते उपयोग से होने वाले मनोवैज्ञानिक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि एआई और मोबाइल फोन ने जीवन के कई क्षेत्रों को सरल और सुविधाजनक बनाया है। शिक्षा और संचार के क्षेत्र में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इनका जरूरत से ज्यादा उपयोग एकाग्रता में कमी, तनाव, चिंता, नींद में बाधा और सामाजिक दूरी जैसी समस्याओं को बढ़ावा दे सकता है।
मुख्य वक्ता ने विद्यार्थियों को तकनीक का विवेकपूर्ण और संतुलित उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने डिजिटल दुनिया और वास्तविक जीवन के बीच उचित संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव और विचार साझा किए तथा तकनीक के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभावों पर चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन मनोविज्ञान विभाग की सहायक आचार्य श्वेता सिंह और प्रिया शुक्ला ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार तिवारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन किया गया।
रिपोर्टर: विजय कुमार
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें