दीपावली पर पटाखों की दुकानों और भंडारण स्थलों पर होगी सख्त निगरानी, बिना अनुमति बिक्री करने वालों पर होगी कार्रवाई
देवरिया। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने पटाखों की बिक्री और भंडारण को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में पटाखों की दुकानों और भंडारण स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि बिना वैध अनुमति कोई भी व्यक्ति पटाखों की बिक्री या भंडारण न करे। इसके लिए अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने पटाखा दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी है। दुकानों और गोदामों में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम रखना अनिवार्य होगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पानी, बालू, बाल्टियां और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने स्पष्ट किया कि पटाखों के भंडारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने पटाखा विक्रेताओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
रिपोर्टर – अखिलेश कुमार दुबे
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
स्थान – देवरिया, उत्तर प्रदेश
।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें