जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व पर रामपुर में निकाली जा रही प्रभात फेरियां
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24 : रामपुर
ब्यूरो चीफ: रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
रामपुर। जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रामपुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। इसी क्रम में 10 नवंबर को गुरुद्वारा संत भाई जी बाबा, सिविल लाइंस रामपुर से सुबह 5:15 बजे प्रभात फेरी का शुभारंभ हुआ।
प्रभात फेरी गुरुद्वारा रोड से होते हुए बाबा दीप सिंह नगर में पहुंची और विभिन्न मार्गों से भ्रमण करती हुई आर.एन. मोटर्स के समीप से होकर पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंची। सुबह लगभग 7:30 बजे प्रभात फेरी का समापन हुआ।
प्रभात फेरी के दौरान संगत द्वारा जगह-जगह श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया तथा प्रसाद का वितरण भी किया गया। यात्रा के पूरे मार्ग में श्रद्धालु शब्द कीर्तन एवं गुरबाणी कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
प्रभात फेरी के आगे इकबाल सिंह निशान साहिब लेकर सेवा करते हुए चल रहे थे, जबकि ठेले की सेवा निक्का सिंह द्वारा की जा रही थी। इस धार्मिक आयोजन में काफी संख्या में संगत के साथ-साथ प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने भी सहभागिता की।
इसके अतिरिक्त, 20 जुलाई से संगति रूप में सहज पाठ साहिब का आयोजन प्रतिदिन रात्रि 8:45 बजे से 9:15 बजे तक किया जा रहा है। सहज पाठ साहिब की समाप्ति आगामी 24 नवंबर को होगी। जानकारी के अनुसार गत रात्रि तक 1257 पृष्ठों का पाठ किया जा चुका है।
बताया गया कि 9 नवंबर को श्री नानकमत्ता साहिब में दिवाली के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां सिंह सेवक जत्था द्वारा लंगर की सेवा भी की गई।
वहीं, 11 नवंबर को भी प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब से सुबह 5:00 बजे आरंभ होगी। यह प्रभात फेरी स्वर्गीय सुरजीत सिंह तथा सतीश कुमार-अंकित कुमार के घर से होते हुए स्वर्गीय विशन सिंह के घर और जगन्नाथ चावला के घर के रास्ते संपूर्ण रामनाथ कॉलोनी में भ्रमण करेगी।
गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व को लेकर रामपुर की संगत में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रभात फेरियों के माध्यम से श्रद्धालु गुरु साहिब के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दे रहे हैं।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें