शाहपुर पुलिस ने झूठी लूट की कहानी का किया पर्दाफाश, 3.43 लाख रुपये बरामद
बैतूल। शाहपुर पुलिस ने किराना दुकान की वसूली के 3 लाख 43 हजार रुपये हड़पने के लिए रची गई कथित लूट की कहानी का पर्दाफाश करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक सहित तीन आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी वसूली राशि 3,43,000 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री अमित सक्सेना के निर्देशन में वित्तीय एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए जिले के थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसडीओपी शाहपुर सुश्री अर्चना शर्मा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का खुलासा किया।
क्या था मामला?
पुलिस के अनुसार, इटारसी निवासी किराना व्यापारी दुर्गा प्रसाद सिंगवानी ने 12 नवंबर को थाना शाहपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके यहां काम करने वाला करीब 17 वर्षीय कर्मचारी दुकानों से बकाया राशि की वसूली करता था।
बताया गया कि 11 नवंबर को उसे ग्राम सुखतवा और भौंरा की दुकानों से बकाया राशि वसूलने भेजा गया था। शाम को उसने फोन कर बताया कि वह कुल 3.43 लाख रुपये की वसूली कर चुका है और भौंरा बस स्टैंड के पीछे अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर रुपयों से भरी थैली लूट ली।
पूछताछ में खुला राज
पुलिस की त्वरित जांच और पूछताछ के दौरान कथित लूट की कहानी संदिग्ध पाई गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि कोई लूट नहीं हुई थी, बल्कि वसूली की रकम हड़पने के उद्देश्य से साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित ढंग से झूठी कहानी बनाई गई थी।
मामले में अपराध क्रमांक 517/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। विधि विरुद्ध बालक से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुमित रैकवार (19 वर्ष) और कृष्णा खडोतिया (19 वर्ष), दोनों निवासी इटारसी, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से पूरे 3,43,000 रुपये और एक हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल, उप निरीक्षक नीरज खरे, उप निरीक्षक सुनील कैथवास, आरक्षक राजेश सेन, आरक्षक सलमान सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक बैतूल ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन अवश्य कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या डायल-112 पर दें।
बैतूल पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।
✍️ जन-जन की आवाज न्यूज़ 24: बैतूल (मध्य प्रदेश)
🎤 अकरम खान पटेल, ब्यूरो चीफ बैतूल

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें