मुस्लिम फेडरेशन ने मनाया वर्ल्ड योमे उर्दू, अल्लामा इक़बाल की यौमे पैदाइश पर पेश किया ख़िराज-ए-अक़ीदत
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24 : रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
रामपुर, 9 नवंबर 2026। ऑल इंडिया मुस्लिम फेडरेशन के राष्ट्रीय कार्यालय, मोहल्ला चाह खजान ख़ान, पहाड़ी गेट रोड, रामपुर में विश्व प्रसिद्ध शायर एवं दार्शनिक मरहूम डॉ. अल्लामा मोहम्मद इक़बाल की यौमे पैदाइश के अवसर पर वर्ल्ड योमे उर्दू कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अल्लामा इक़बाल को भावपूर्ण ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश किया और उर्दू भाषा के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ऑल इंडिया मुस्लिम फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबर ख़ान ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन नोमान ख़ान ग़ाज़ी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मौलाना माज़ शाहिद द्वारा क़ुरआन-ए-पाक की तिलावत से हुआ। इसके बाद नात-ए-पाक पेश की गई।
कार्यक्रम में मेहमान-ए-ख़ुसूसी के रूप में मास्टर इसरार साहब, नासिर ख़ान अलीग, मौलाना शाहिद ख़ान, आले अहमद ख़ान सुरूर और ज़फ़र ख़ान सुख़नैन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस दौरान वक्ताओं ने डॉ. अल्लामा मोहम्मद इक़बाल की शायरी, उनकी ज़िंदगी, फ़लसफ़े और उर्दू अदब में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि उर्दू केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी तहज़ीब, संस्कृति, अदब और आपसी भाईचारे की पहचान है।
वक्ताओं ने अल्लामा इक़बाल की बेमिसाल शायरी और विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उर्दू अदब को विश्व स्तर पर एक अलग पहचान दिलाई। उनकी रचनाएँ आज भी लोगों को ख़ुद्दारी, मेहनत, इंसानियत और बुलंद हौसलों का संदेश देती हैं।
इस अवसर पर ऑल इंडिया मुस्लिम फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष ख़ान शोएब यूनुस ने उर्दू भाषा के संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी भाषा और अदबी विरासत से जोड़ना हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है।
कार्यक्रम में फेडरेशन के कई राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें हाजी मोहम्मद ज़मीर अहमद रज़वी एडवोकेट, अब्दुल समद ख़ान, सैयद आसिफ़ हसन, असलम ख़ान, राहत जान ख़ान, मसरूर मियाँ अकरम, तारिक़ अनवर, मोहम्मद क़ासिम ख़ान, फ़ैज़ान ख़ान, मौलाना शादाब क़दीरी, अब्दुल वहाब, अतीक अहमद ख़ान, साहिल शम्सी और फ़िरोज़ ख़ान लेखक सहित अन्य लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम के समापन पर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने सभी मेहमानों का गर्मजोशी से इस्तक़बाल किया और कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया।
कार्यक्रम के माध्यम से उर्दू भाषा की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी तक इसके साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महत्व को पहुंचाने का संदेश दिया गया।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें