वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत ग्राम गुजरेला में कांग्रेस की अहम बैठक, मतदाता सूची के सत्यापन पर बनी रणनीति
संजय कपूर और जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित ने कार्यकर्ताओं से किया आह्वान, बोले—हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सुरक्षित रखने के लिए घर-घर पहुंचें कार्यकर्ता
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24 – रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
रामपुर। कांग्रेस पार्टी के 'वोट बचाओ–देश बचाओ जनसंपर्क अभियान' के तहत ग्राम गुजरेला में पूर्व विधायक बिलासपुर संजय कपूर के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर मतदाता सूची के सत्यापन और पात्र मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में वर्ष 2025 की मतदाता सूची और एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के बाद जारी नई मतदाता सूची का मिलान करने, कटे हुए नामों की जांच करने तथा मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर कराने की रणनीति बनाई गई।
पूर्व विधायक संजय कपूर ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव मजबूत लोकतंत्र की बुनियाद है। प्रत्येक नागरिक का वोट उसका संवैधानिक अधिकार है। इसलिए यह जरूरी है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और उनके EPIC नंबर के माध्यम से मतदाता सूची में नाम की जांच कराने की अपील की।
जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश और कहा कि 'वोट बचाओ–देश बचाओ' अभियान लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से अपने-अपने पोलिंग स्टेशन पर मतदाता सूची का बारीकी से सत्यापन करने को कहा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 की मतदाता सूची और एसआईआर के बाद जारी सूची का मिलान किया जाए। जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में नहीं मिलते हैं, उनकी जानकारी जुटाकर नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराने और नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में सहयोग किया जाए।
बैठक में कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया गया कि अभियान को केवल बैठकों तक सीमित न रखकर गांव, मोहल्ले और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव में अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर बाकर खां, गुरवाज सिंह, जिवेन्दर गंगवार, लाइक बाबू, दुर्गेश मौर्य, अजीब सिंह, राजेंद्र मंटू, मोहन स्वरूप, डॉ. जफर, मोहम्मद उमर, वेदराम यादव, रियाज प्रधान, मौज्जम खां, भूरा, शानू खां, देवकीनंदन, बाबू प्रधान, गोदी, राजीव आर्य, सचिन त्रिवेदी, मोहम्मद जकी, शकील मंसूरी, मौलाना अमीर अहमद, दीपक शर्मा सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची के सत्यापन अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ाने और पात्र मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें