संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो भाइयों में विवाद, छोटे भाई को गोली मारने का आरोप; आरोपी फरार
सीतापुर | राठौरपुर गांव | थाना मछरेहटा
सीतापुर जिले के मछरेहटा थाना क्षेत्र स्थित राठौरपुर गांव में संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोप है कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अभय प्रताप सिंह और उनके बड़े भाई सुनील सिंह के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुनील सिंह ने अभय प्रताप सिंह पर असलहे से फायर कर दिया। गोली लगने से अभय घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजन घायल अभय को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा लेकर गए। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अवनीश कुमार के अनुसार, घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एक आपराधिक मामला रहा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक इतुल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
संवाददाता: सुनील सिंह ब्यूरो चीफ सीतापुर
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें