133 ईसीसीई एजुकेटरों को मिले नियुक्ति पत्र, बीएसए ने किया विद्यालय आवंटन
देवरिया। जनपद में समग्र शिक्षा एवं निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को गति देने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा ईसीसीई एजुकेटर के द्वितीय चरण की चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस चरण में चयनित 133 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, साथ ही उन्हें विद्यालयों का आवंटन भी किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने चयनित अभ्यर्थियों को विद्यालय आवंटित करते हुए नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इससे पहले 5 नवंबर को डायट रामपुर कारखाना में चयनित अभ्यर्थियों को उनकी इच्छा एवं रिक्त पदों के सापेक्ष ऑनलाइन माध्यम से विद्यालय विकल्प चुनने का अवसर दिया गया था।
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया। जनपदीय चयन समिति एवं जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया संपन्न हुई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कुल 141 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे, जिनमें से 133 अभ्यर्थियों ने अपनी सुविधानुसार विद्यालय का विकल्प चुना और उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान बीएसए ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने सभी चयनित एजुकेटरों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी दिए।
ईसीसीई एजुकेटरों की नियुक्ति 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को बेहतर बनाने और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के उद्देश्य से की गई है। इनकी तैनाती उन परिषदीय विद्यालयों में की गई है, जहां विद्यालय परिसर के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित हैं।
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24
संपादक: अखिलेश कुमार दुबे, देवरिया

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें