मुलताई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 06 माह से फरार 10 हजार रुपये का इनामी गांजा तस्करी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24 | : बैतूल, मध्य प्रदेश
ब्यूरो चीफ: अकरम खान पटेल की रिपोर्ट
बैतूल। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मुलताई पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में पिछले लगभग 06 माह से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी किसन दरवाई को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री अमित सक्सेना द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था।
इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी मुलताई श्री शिवकुमार सिंह के मार्गदर्शन में थाना मुलताई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया।
नाबालिगों के माध्यम से कराई जा रही थी गांजा बिक्री
पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मासोद रोड हाईवे ब्रिज के पास दो व्यक्ति बिना नंबर की काली-नीली मोटरसाइकिल से अवैध रूप से गांजा बेचने आए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो अपचारी बालकों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक थैली में रखा 1.408 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये, तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है, जप्त की गई।
पूछताछ में अपचारी बालकों ने पुलिस को बताया कि ग्राम गरव्हा निवासी किसन दरवाई ने उन्हें गांजा बेचने के लिए दिया था और मुलताई में एक व्यक्ति को गांजा देकर रुपये वापस लाने के लिए कहा था।
इस मामले में थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 303/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
10 हजार रुपये के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी
मामले का मुख्य आरोपी किसन पिता स्वर्गीय कल्लू उर्फ रमेश दरवाई, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम गरव्हा घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा 10 हजार रुपये के नगद इनाम की घोषणा की गई थी।
मुलताई पुलिस ने लगातार आरोपी की तलाश करते हुए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा। इसी दौरान 07 नवंबर 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को उसके निवास ग्राम गरव्हा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को विधिवत माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलताई निरीक्षक विकास पटेल, उपनिरीक्षक दिनेश कुमरे, प्रधान आरक्षक रामकृष्ण सिलारे, प्रधान आरक्षक बलराम, प्रधान आरक्षक हाकम सिंह, आरक्षक कमलेश एवं आरक्षक मेहमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री अमित सक्सेना ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और नशे के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई में सहयोग करें।
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24
बैतूल से ब्यूरो चीफ अकरम खान पटेल की रिपोर्ट।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें