📰 सीख से सफलता तक: ‘दीदी की दुकान’ के तहत पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
चन्दौली। बी-एबल फाउंडेशन की ओर से चन्दौली के नियामताबाद एवं चन्दौली ब्लॉक में ‘दीदी की दुकान’ परियोजना के अंतर्गत पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 15 गांवों की 15 महिलाओं ने प्रतिभाग कर व्यवसाय संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने से लेकर उसे सफलतापूर्वक संचालित करने तक के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इसमें बहीखाता प्रबंधन, स्टॉक रखरखाव, आपूर्ति शृंखला प्रबंधन, विक्रेताओं से संपर्क, बैंकिंग सुविधाओं का उपयोग, वित्तीय संस्थानों की जानकारी और बचत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना, उनमें व्यवसाय प्रबंधन की समझ विकसित करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बी-एबल फाउंडेशन के डिप्टी मैनेजर मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला समन्वयक शान्तेश्वर मिश्रा, नवीन कन्नौजिया, चंदन पांडेय, पूनम तिवारी एवं मीनाक्षी देवी उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट: विजय कुमार, रिपोर्टर
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें