गांधी-शास्त्री जयंती पर सफाई कर्मचारियों का सम्मान
वाराणसी। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गंगापुर नगर पंचायत परिसर में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके जीवन, विचारों और आदर्शों को याद किया गया।
इस अवसर पर नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि स्वच्छ नगर के निर्माण में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारी निरंतर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।
नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि सत्यम सेठ ने महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को याद करते हुए कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता को स्वस्थ और बेहतर समाज के लिए आवश्यक बताया था। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे नगर को स्वच्छ रखने में नगर पंचायत का सहयोग करें और कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
वहीं, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नवनीत जायसवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – विजय कुमार
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें