📰 धीरज गिरी महाराज की 106वीं जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई
वाराणसी से विजय कुमार की रिपोर्ट
वाराणसी। धर्म एवं आध्यात्मिक नगरी काशी में श्री काशी गौरी केदारेश्वर खंड के गणेश मोहल्ला स्थित मंगल आश्रम के पावन प्रांगण में परम पूज्य योगीराज धीरज गिरी स्वामी जी महाराज की 106वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
इस पावन अवसर पर आश्रम परिसर वैदिक ऋचाओं और शंख ध्वनि की गूंज से भक्तिमय हो उठा। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने स्वामी जी महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
जयंती के अवसर पर महानवमी के उपलक्ष्य में कन्या पूजन, साधु भंडारे और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। कन्या पूजन के माध्यम से देवी स्वरूपा कन्याओं का सम्मान किया गया। वहीं, साधु-संतों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस आयोजन की जानकारी ज्योतिषाचार्य आचार्य पंडित कमल देव ने दी। इस अवसर पर आश्रम के सभी मानिंद ट्रस्टीगण एवं बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे।
धीरज गिरी स्वामी जी महाराज की 106वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक परंपराओं का संगम देखने को मिला।
रिपोर्टर: विजय कुमार
स्थान: वाराणसी, उत्तर प्रदेश
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें