मां अन्नपूर्णा के दरबार में उमड़े श्रद्धालु, सुख-समृद्धि और धन-धान्य की मांगी कामना
वाराणसी | विजय कुमार की रिपोर्ट
वाराणसी। शारदीय नवरात्र के आठवें दिन मां महागौरी की आराधना के अवसर पर धर्मनगरी काशी में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। विश्वनाथ गली स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मंदिर में विराजमान मां अन्नपूर्णा के विग्रह को मां महागौरी के स्वरूप से जोड़कर देखा जाता है। श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और धन-धान्य से परिपूर्ण जीवन की कामना की। मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा।
अन्न-धन और पोषण की देवी हैं मां अन्नपूर्णा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां अन्नपूर्णा अन्न, धन-धान्य और पोषण की देवी हैं। भक्तों का विश्वास है कि माता की कृपा से घर में अन्न की कमी नहीं होती और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है। नवरात्र के पावन अवसर पर माता के दर्शन और पूजन का विशेष महत्व माना जाता है।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर रही नजर
मंदिर के महंत शंकर पुरी स्वयं उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लेते रहे। नवरात्र के अवसर पर मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
सच के साथ, जनता की आवाज़।
रिपोर्टर: विजय कुमार
स्थान: वाराणसी, उत्तर प्रदेश



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें