| विज्ञापन व संवाददाता बनने हेतु संपर्क: 6306758202
Breaking News
• जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24 में आपका स्वागत है! • अपने क्षेत्र से संवाददाता या पत्रकार बनने के लिए और विज्ञापन के लिए तुरंत संपर्क करें: 6306758202 •

जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24

क्षेत्रीय संवाददाता एवं पत्रकार बनने के लिए संपर्क करें: 6306758202

 

भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता का संदेश, वाराणसी में सतर्कता अधिष्ठान ने आयोजित की कार्यशाला

AIIMS रायबरेली और वाराणसी के महाविद्यालय में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता की दिलाई गई सीख

वाराणसी। केन्द्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार वर्ष 2026 में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक देशभर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम 'सत्यनिष्ठा से समृद्धि' रखी गई है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, वाराणसी सेक्टर द्वारा विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रमों एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य भ्रष्टाचार के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना को मजबूत करना है।


AIIMS रायबरेली में हुआ जागरूकता कार्यक्रम

इसी क्रम में 30 अक्टूबर 2026 को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रायबरेली के सभागार में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान की निदेशक प्रो. अनिता जैन ने की। इस अवसर पर डॉ. प्रबल जोशी, मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO), एम्स रायबरेली सहित संस्थान के प्रोफेसर, चिकित्सक, सीनियर रेजिडेंट एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे श्री घनश्याम चौरसिया (आईपीएस), पुलिस अधीक्षक, उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, वाराणसी सेक्टर ने सतर्कता अधिष्ठान के कार्यों, दायित्वों एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने सीबीआई द्वारा सतर्कता संबंधी जारी दिशा-निर्देशों और भ्रष्टाचार के मामलों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली पर भी प्रकाश डाला। इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों ने विभिन्न सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधीक्षक ने नियमानुसार कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए जवाब दिया।

वाराणसी के महाविद्यालय में आयोजित हुई कार्यशाला

वहीं, 31 अक्टूबर 2026 को डॉ. घनश्याम सिंह महाविद्यालय, आजमगढ़ रोड, लमही, लालपुर, जनपद वाराणसी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक श्री नागेश्वर सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में श्री घनश्याम चौरसिया (आईपीएस), पुलिस अधीक्षक, उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, वाराणसी सेक्टर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में श्री विजयमल सिंह यादव, पुलिस उपाधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी, श्री वसिष्ठ मिश्रा, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी तथा सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे। इसके अलावा महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की।


भ्रष्टाचार के खिलाफ आम जनता की भागीदारी जरूरी : पुलिस अधीक्षक

कार्यशाला को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम चौरसिया ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 की थीम 'सत्यनिष्ठा से समृद्धि' के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने उत्तर प्रदेश शासन की भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि लोकसेवकों द्वारा पद का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार करना, अनियमित तरीके से अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करना, विभागीय कार्यों में भ्रष्टाचार के उद्देश्य से अनियमितताएं बरतना तथा रिश्वत की मांग करना गंभीर विषय हैं। ऐसे मामलों में आम नागरिकों को जागरूक होकर सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत एवं प्रार्थना पत्र के माध्यम से जानकारी देनी चाहिए।

उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आमजन को रिश्वत विरोधी हेल्पलाइन नंबर तथा भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।

प्रबंधक ने किया धन्यवाद ज्ञापन

कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक श्री नागेश्वर सिंह ने भ्रष्टाचार उन्मूलन में जनता के दायित्वों और सतर्कता अधिष्ठान को मिलने वाले जनसहयोग के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि, अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी।


जन-जन की आवाज न्यूज़ 24

रिपोर्टर: विजय कुमार | वाराणसी


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बैतूल: सरपंच बनाम पत्रकार विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामने, जांच की मांग तेज