| विज्ञापन व संवाददाता बनने हेतु संपर्क: 6306758202
Breaking News
• जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24 में आपका स्वागत है! • अपने क्षेत्र से संवाददाता या पत्रकार बनने के लिए और विज्ञापन के लिए तुरंत संपर्क करें: 6306758202 •

जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24

क्षेत्रीय संवाददाता एवं पत्रकार बनने के लिए संपर्क करें: 6306758202

 गांधी जयंती पर मंडलायुक्त ने कार्यालय भवन पर कराया ध्वजारोहण

गांधी जी की अहिंसा संघर्षों से भागने की नहीं, बल्कि संघर्षों में उतरने वाली अहिंसा थी: मंडलायुक्त

आजमगढ़ (जन जन की आवाज न्यूज़ 24)। गांधी जयंती के अवसर पर मंडलायुक्त विवेक की मौजूदगी में कार्यालय भवन पर अपर आयुक्त-न्यायिक डॉ. अर्चना द्विवेदी एवं अपर आयुक्त ज्योति राय ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं छात्राओं ने सामूहिक राष्ट्रगान किया।



ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के उपरांत मंडलायुक्त विवेक ने अपने कार्यालय सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त विवेक ने महात्मा गांधी के जीवन संघर्ष, देश सेवा और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी की अहिंसा संघर्षों से भागने की नहीं, बल्कि संघर्षों में उतरने वाली अहिंसा थी। उनकी अहिंसा सक्रिय अहिंसा थी। महान वही है जो विरोधों से भागता नहीं, बल्कि विरोध को स्वीकार करते हुए विरोधियों से सामंजस्य स्थापित कर अपने सिद्धांतों पर आगे बढ़ता है। गांधी जी के व्यक्तित्व में यह विशेषता प्रमुख रूप से दिखाई देती थी।

मंडलायुक्त ने कहा कि गांधी जी की विचारधारा केवल भारत तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह एक वैश्विक विचारधारा थी। ऐसे में आज हमें केवल एक व्यक्ति की जयंती नहीं, बल्कि एक वैश्विक विचारधारा से जुड़े महापुरुष की जयंती मनाने का अवसर प्राप्त हुआ है।

इसी क्रम में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के जीवन संघर्ष और देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उनके महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी द्वारा दिए गए ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे ने देश में आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत किया और देश ने विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए।

मंडलायुक्त ने कहा कि गांधी जी के ‘सादा जीवन, उच्च विचार’ के सिद्धांत को स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री ने अपने जीवन में चरितार्थ किया। उनके जीवन में दिखावा नाममात्र भी नहीं था। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दोनों महान विभूतियों के जीवन, विचारों और आदर्शों से निरंतर सीख एवं प्रेरणा लेने तथा देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।


इससे पूर्व अपर आयुक्त-प्रशासन प्रमोद कुमार पाण्डेय, अपर आयुक्त-न्यायिक डॉ. अर्चना द्विवेदी, अपर आयुक्त ज्योति राय, अपर निदेशक अभियोजन बीपी पाण्डेय, शासकीय अधिवक्ता ओपी पाण्डेय, सहायक शासकीय अधिवक्ता अजीत कुमार सिंह, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चंद्र श्रीवास्तव एवं मंत्री जनार्दन राय आदि ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान वक्ताओं ने दोनों महापुरुषों के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी ने किया। स्थानीय जीजीआईसी की छात्राओं ने रामधुन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजेश यादव, प्रशासनिक अधिकारी रामअवध सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: विजय कुमार

जन जन की आवाज न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बैतूल: सरपंच बनाम पत्रकार विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामने, जांच की मांग तेज