आठनेर पुलिस की गौवंश तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई
दो आरोपियों से 04 गौवंश बरामद, महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाने की आशंका
दुर्गेश यादव, मध्यप्रदेश हेड
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24
बैतूल। जिले में गौवंश के अवैध परिवहन एवं पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपुसे तथा एसडीओपी भैंसदेही श्री लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा ऐसे मामलों पर निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में 01 अक्टूबर 2026 को थाना आठनेर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कुछ लोग गौवंश को पैदल हांककर महाराष्ट्र की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ ने क्षेत्र में भ्रमण एवं निगरानी के दौरान दो व्यक्तियों को गौवंश को आपस में मुंह बांधकर पैदल ले जाते हुए पकड़ा।
पुलिस ने मौके से कुल 04 गौवंश बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- सीताराम पिता नंदलाल बछले, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम मोरेण्ड, थाना मुलताई — कब्जे से 02 गाय बरामद।
- माखन पिता चुरनलाल सेमरे, उम्र 55 वर्ष, निवासी खटगड़, थाना आठनेर — कब्जे से 02 बछड़े बरामद।
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए चारों गौवंश की अनुमानित कीमत 25,000 रुपये है। प्रारंभिक जांच में गौवंश को पैदल महाराष्ट्र की ओर ले जाने तथा उनके साथ क्रूरता किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए गौवंश को जप्त किया है।
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
थाना आठनेर पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध धारा 4, 6, 9 मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम तथा धारा 11(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना आठनेर के निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, सउनि दिनेश धुर्वे, सउनि संतोष चौधरी, आरक्षक क्र. 226 बीरबल, आरक्षक क्र. 101 गिरराज धाकड़ एवं आरक्षक क्र. 04 विपल्व मिरासे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने जिले में गौवंश के अवैध परिवहन एवं पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के विरुद्ध प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखते हुए नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें