एयरफोर्स अधिकारियों को CPR-AED का प्रशिक्षण
आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के लिए सीपीआर और एईडी के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपयोग की दी गई जानकारी
वाराणसी। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित जीवनरक्षक प्रतिक्रिया को मजबूत करने के उद्देश्य से 4 एयर फोर्स सलेक्शन बोर्ड में अधिकारियों एवं कार्मिकों के लिए विशेष सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) एवं ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर (AED) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अचानक होने वाले सडेन कार्डिएक अरेस्ट की पहचान करने तथा ऐसी आपात स्थिति में तत्काल जीवनरक्षक उपाय शुरू करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान राजकीय चिकित्सा अधिकारी एवं सीपीआर विशेषज्ञ डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को सीपीआर की वैज्ञानिक प्रक्रिया के साथ-साथ एईडी के व्यावहारिक उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों को बताया गया कि कार्डिएक अरेस्ट जैसी आपात स्थिति में शुरुआती समय में की गई त्वरित और सही कार्रवाई जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम में सीपीआर देने की प्रक्रिया, आपातकालीन स्थिति में मरीज की स्थिति को पहचानना तथा उपलब्ध एईडी उपकरण का उचित तरीके से उपयोग करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों एवं कार्मिकों ने प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लिया और जीवनरक्षक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर एयर कमोडोर सुरेंद्र मलिक, ग्रुप कमांडर सचिन सुत, ग्रुप कैप्टन डॉ. प्रेम रंजन, बीरेन्द्र कुमार सहित एयर फोर्स के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य एयर फोर्स के अधिकारियों एवं कार्मिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक प्राथमिक जीवनरक्षक तकनीकों के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना रहा, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते प्रभावी सहायता प्रदान की जा सके।
रिपोर्ट: विजय कुमार, वाराणसी
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
“हर खबर, आप तक”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें