सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग
वाराणसी। नगर के विभिन्न इलाकों में सीवर लाइनों की सफाई के दौरान बालू की बोरियां, सीमेंट, पत्थर, लकड़ी का बुरादा व अन्य निर्माण सामग्री मिलने के मामले में समाजवादी पार्टी ने गंभीर सवाल उठाते हुए मजिस्ट्रेट जांच की मांग की है। सपा ने जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज तत्काल सुरक्षित कराने और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
सपा ने कहा कि सीवर में बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री मिलना सामान्य जाम का मामला नहीं है। इसकी निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाया जाना चाहिए कि सामग्री कब, किसके द्वारा और किस उद्देश्य से सीवर में डाली गई। सीवर जाम होने से कई क्षेत्रों में जलभराव, गंदे पानी, दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।ज्ञापन में संबंधित क्षेत्रों के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर जांच कराने के साथ नगर निगम, जलकल विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदारों की भूमिका की जांच की मांग की गई। सीवर सफाई, रखरखाव व निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार, लापरवाही अथवा मिलीभगत की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई गई।
सपा ने संवेदनशील सीवर लाइनों और मैनहोल क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, जरूरत वाले स्थानों पर सीसीटीवी लगाने, प्रमुख सीवर लाइनों की तकनीकी एवं भौतिक जांच कराने तथा स्थायी सुधार के लिए कार्ययोजना बनाने की मांग की।
पार्टी ने चेतावनी दी कि शीघ्र निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो जनता को साथ लेकर धरना-प्रदर्शन और व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
रिपोर्टर — विजय कुमार
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24 | वाराणसी


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें