आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय बढ़ाने और सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग उठाई
जन जन की आवाज न्यूज़ 24 रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
रामपुर। आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी रामपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मानदेय बढ़ाने, आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने तथा सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग उठाई।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। टीकाकरण सहित अनेक स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में आशा कार्यकर्ता दिन-रात सक्रिय रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं।
ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय ₹6,000 से बढ़ाकर ₹12,000 तथा सहायिकाओं का मानदेय ₹3,000 से बढ़ाकर ₹6,000 किया गया है, जबकि आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में लंबे समय से अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है।
उन्होंने मांग की कि आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर ₹26,000 प्रतिमाह किया जाए और उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा प्रदान किया जाए, ताकि उन्हें सम्मान के साथ आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा भी मिल सके।
आशा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं शासन स्तर पर आदेश जारी कराने के लिए निर्देशित किया जाए।
उन्होंने कहा कि एक ही गांव में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यकर्ता
अपनी सेवाएं दे रहे हैं और सरकार द्वारा उनके मानदेय एवं सेवा-सुविधाओं का निर्धारण किया गया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय और सेवा-सुविधाओं के संबंध में भी उचित निर्णय लिया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के शीघ्र निस्तारण की उम्मीद जताई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें