बिना आवश्यक योग्यता वाले अतिथि शिक्षकों के भरोसे शिक्षा व्यवस्था? बच्चों की पढ़ाई पर उठे सवाल
बैतूल/चिचोली। बैतूल जिले के चिचोली ब्लॉक एवं शाहपुर ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में अतिथि शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि कुछ विद्यालयों में डीएड/बीएड जैसी आवश्यक शैक्षणिक योग्यता पूरी नहीं करने वाले अतिथि शिक्षकों से विद्यार्थियों को पढ़ाया जा रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और शैक्षणिक स्तर प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीण अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के भविष्य से जुड़े इस मामले की शिक्षा विभाग को निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के साथ ही यदि कहीं नियमों के विपरीत अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति हुई है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।बताया गया है कि चिचोली ब्लॉक के चुनाहजूरी हाई स्कूल में कई वर्षों से बिना आवश्यक डिग्री वाले अतिथि शिक्षकों को लेकर शिकायतें की गईं, लेकिन आरोप है कि चिचोली बीईओ स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले की भी जांच की मांग उठ रही है।
वहीं बच्चों के शैक्षणिक स्तर को लेकर उस समय भी सवाल सामने आए, जब मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान जिला कलेक्टर डॉ. संजय सोनवडे ने तारा हाई स्कूल के विद्यार्थियों से कुछ सवाल किए। बताया गया कि विद्यार्थियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने के बाद शिक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हुई।ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से जिले के सभी विद्यालयों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता एवं नियुक्ति प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
रिपोर्ट: दुर्गेश यादव
मध्यप्रदेश हेड | जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें