नदी किनारे चल रही कच्ची शराब की भट्टियों पर पुलिस का प्रहार
रानीपुर पुलिस ने 50 मटकों और 10 बर्तनों में रखी महुआ लहान नष्ट की
बैतूल जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रानीपुर थाना एवं चौकी घोड़ाडोंगरी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए झिलपा-धाराखोह नदी के आसपास अवैध कच्ची शराब निर्माण के संभावित स्थानों पर दबिश दी।
पुलिस टीम ने तलाशी के दौरान करीब 50 मटकों एवं 10 बर्तनों में रखी महुआ लहान बरामद की। पुलिस ने लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण के लिए बनाए गए अड्डों को भी चिन्हित कर नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपुसे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, अनुभाग सारणी के निर्देशन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रानीपुर निरीक्षक बबीता धुर्वे, चौकी घोड़ाडोंगरी से उप निरीक्षक आशीष कुमरे सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से अपील की है कि अवैध रूप से शराब बनाने, बेचने अथवा परिवहन करने की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस के अनुसार अवैध शराब से कानून व्यवस्था के साथ-साथ जनस्वास्थ्य और सामाजिक वातावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
बैतूल पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्ट: अकरम खान पटेल
ब्यूरो चीफ बैतूल
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
हर खबर, आप तक


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें