नोडल अधिकारी ने विकास कार्यों की समीक्षा की, फैमिली आईडी का काम शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश
वाराणसी। सचिव नियोजन एवं महानिदेशक अर्थ एवं संख्या, उत्तर प्रदेश तथा जिले के नोडल अधिकारी डॉ. राजशेखर की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्यपूर्ति तथा विकास परियोजनाओं की भौतिक प्रगति, ग्रेडिंग एवं रैंकिंग की समीक्षा की गई। नोडल अधिकारी ने अधिकारियों को अपेक्षित ग्रेडिंग और रैंकिंग हासिल करने के लिए व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बी, सी और डी श्रेणी की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। फैमिली आईडी की प्रगति 88 प्रतिशत पाए जाने पर इसे शत-प्रतिशत कराने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल जल योजना के कार्यों के लिए माइक्रोप्लान तैयार कर निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने तथा कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन के महीनेवार आंकड़े पोर्टल पर अपडेट करने को कहा।
नोडल अधिकारी ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की तैयारियां पूरी कर निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कराने, जननी सुरक्षा योजना में समय से शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने तथा बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की गड्ढामुक्ति का कार्य तेजी से कराने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग को निर्माणाधीन नई सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा गया। साथ ही 1 अक्टूबर से अभियान चलाकर पैचवर्क एवं विशेष मरम्मत कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को भी चिह्नित सड़कों पर पैचवर्क एवं विशेष मरम्मत शीघ्र कराने को कहा गया।
उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति समय से सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट कराने तथा विभिन्न विभागों की परियोजनाओं के निर्माण कार्य दिसंबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विजय कुमार वाराणसी
जन जन की आवाज न्यूज़ 24


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें