📰 बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश, सीएम योगी ने की PWD कार्यों की समीक्षा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने बारिश और बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश से क्षतिग्रस्त नए मार्गों का भी सर्वे कराया जाए। जहां सड़कें खराब स्थिति में हैं, वहां फिलहाल उन्हें मोटरेबल बनाया जाए, जबकि बरसात समाप्त होने के बाद आवश्यकता के अनुसार स्थायी नवीनीकरण कराया जाए।
उन्होंने आगामी पर्व एवं त्योहारों को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुचारु रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व-त्योहारों से पहले आवश्यक मरम्मत एवं नवीनीकरण के कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, मुख्य बाजारों, सरकारी कार्यालयों और अधिक जन आवागमन वाले स्थानों की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जहां तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है, वहां बिना देरी काम शुरू कराया जाए।
सीएम योगी ने कार्य की गति के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से उनकी कार्ययोजना की जानकारी ली। इसके अलावा मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की कार्ययोजनाओं की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को बेहतर सड़क और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
लखनऊ संवाददाता



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें