अस्पताल में वृद्धा की मौत पर जमकर हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी अंतर्गत एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान वृद्ध महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ की। इस दौरान अस्पताल की नर्सों और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है।
जानकारी के अनुसार, अखरी निवासी दुर्गावती राजभर (65 वर्ष) की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की कथित लापरवाही और समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण महिला की जान गई।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल परिसर में पहुंच गए। लोगों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला उग्र हो गया और भीड़ ने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं अस्पताल की नर्सों और अन्य कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें कई स्टाफ सदस्यों के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
रिपोर्टर — विजय कुमार
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24 | वाराणसी


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें