संस्थान मदरसा इस्लामिया अरबिया फैज़ुल उलूम, थाना टीन में नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन
रामपुर के मदरसा फैज़ुल उलूम में नि:शुल्क मेडिकल कैंप, मरीजों की जांच के साथ ऑपरेशन के लिए पंजीकरण
रामपुर। मुख्य संस्थान मदरसा इस्लामिया अरबिया फैज़ुल उलूम, थाना टीन में नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में टीएमयू अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पहुंचकर मरीजों की स्वास्थ्य जांच की और बेहतर इलाज के संबंध में चिकित्सकीय सलाह दी।
कैंप के दौरान मरीजों की शुगर, ब्लड प्रेशर और ईसीजी की जांच नि:शुल्क की गई। जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां भी मुफ्त वितरित की गईं। इसके अलावा नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए पात्र मरीजों के नाम भी पंजीकृत किए गए।
यह मेडिकल कैंप विज़न 2026 ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन, नई दिल्ली और टीएमयू अस्पताल के सहयोग से आयोजित किया गया। मदरसे के मुख्य प्रबंधक मौलाना मोहम्मद असलम जावेद कासमी ने रिबन काटकर कैंप का उद्घाटन किया।
कैंप के संयोजक हसानुद्दीन नदवी और मोहम्मद मोहसिन जावेद कासमी रहे। इस दौरान युवाओं ने सामाजिक सेवा की भावना के साथ अपनी सेवाएं दीं।
कार्यक्रम में हिंद वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष शाहबाज़ खान, सचिव सादात खान, मदीना मस्जिद के इमाम एवं खतीब डॉक्टर मुफ्ती फैज़ान रज़ा कासमी, ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट यूपी वेस्ट के कोऑर्डिनेटर मोहम्मद अबूज़र, प्रधान फैसल ज़फर, शैज़ी खान, हाफ़िज़ इकरार और फहीम खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार में सहायता उपलब्ध कराना है।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें