पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने सोमवार को थाना मदनपुर क्षेत्र के महेन स्थित बाबा महेन्द्रनाथ मंदिर का औचक निरीक्षण किया।
**देवरिया: कांवड़ यात्रा से पहले बाबा महेन्द्रनाथ मंदिर का पुलिस ने किया औचक निरीक्षण**
देवरिया। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने सोमवार को थाना मदनपुर क्षेत्र के महेन स्थित बाबा महेन्द्रनाथ मंदिर का औचक निरीक्षण किया।
एसपी ने मंदिर परिसर पहुंचकर प्रवेश-निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, महिला-पुरुष पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए ड्यूटी प्वाइंट्स का बारीकी से जायजा लिया। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी से काम करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं को व्यवस्थित कतार में दर्शन कराया जाए। किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाए।
एसपी ने मंदिर में आए भक्तों से भी बातचीत की और उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि देवरिया पुलिस सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
जनपद पुलिस श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी और तैयारियां कर रही है।
जन जन की आवाज न्यूज़ 24 अखिलेश दुबे देवरिया




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें