देवरिया। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित
लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई, स्वास्थ्य योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश
जन जन की आवाज न्यूज़ 24 देवरिया अखिलेश दुबे
देवरिया। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बैतालपुर एवं संबंधित नोडल अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंच सके।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। सीएचसी एवं पीएचसी का प्रभावी संचालन तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गांवों में नियमित होम विजिट कर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने तथा विभाग के प्रति विश्वास कायम करने के निर्देश दिए गए। मातृ एवं शिशु मृत्यु के कारणों का विश्लेषण कर आवश्यक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया
।
रुद्रपुर के एक अस्पताल में आशा कार्यकर्ता द्वारा डिलीवरी कराए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम कार्यकर्ताओं की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा जननी सुरक्षा योजना के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपकरणों का अभाव नहीं होना चाहिए। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित एचओआईसी एवं खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें