देवरिया: जिलाधिकारी ने स्वयं रोवर पकड़कर कराई चकमार्ग की पैमाइश, किसानों को सौंपीं खतौनियां
देवरिया: रोवर पद्धति से चकमार्ग की पैमाइश, किसानों को सौंपी गईं दो खतौनियां
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को तहसील सलेमपुर क्षेत्र में राजस्व से संबंधित विभिन्न प्रकरणों का स्थलीय सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने दो स्टाम्प मूल्यांकन प्रकरणों के साथ-साथ धारा-24 और अंश निर्धारण से जुड़े मामलों का मौके पर निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी ली।
ग्राम पुरैना में धारा-24 के अंतर्गत चकमार्ग की पैमाइश आधुनिक रोवर पद्धति से कराई गई। इस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने स्वयं रोवर पकड़कर पैमाइश की प्रक्रिया का जायजा लिया। पैमाइश पूर्ण होने के बाद चकमार्ग से संबंधित प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण कराया गया।
इसी गांव में अंश निर्धारण के प्रकरण का भी सत्यापन किया गया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से वार्ता कर अंश निर्धारण की स्थिति जानी, जिस पर ग्रामीणों ने इसे सही बताया। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अंश निर्धारण से संबंधित दो खतौनियां किसानों को प्रदान कीं।
करोड़ों की संपत्ति का हुआ स्थलीय सत्यापन
सत्यापन के दौरान संपत्ति मूल्यांकन के मामलों की भी जांच की गई:
ग्राम पुरैना: करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपये मालियत की संपत्ति (अभिषेक कुमार द्वारा प्रियंका सिंह को विक्रित) से संबंधित स्टाम्प मूल्यांकन का स्थलीय सत्यापन किया गया, जो निर्धारित मूल्य के अनुरूप पाया गया।
ग्राम करौता: करीब 1 करोड़ 59 लाख रुपये मालियत की संपत्ति (अरुण कुमार द्वारा उमेश सिंह को विक्रित) के स्टाम्प मूल्यांकन का निरीक्षण किया गया। यह भी निर्धारित मानकों के अनुसार सही पाई गई।
अनियमितता पर मिलेगी कठोर कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि संपत्तियों के क्रय-विक्रय में स्टाम्प मूल्यांकन के अनुसार ही मूल्य निर्धारित कर उल्लेख किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर प्रकरणों की सघन जांच कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी, उप निबंधक प्रतिमा सिंह सहित राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जन जन की आवाज न्यूज़ 24 देवरिया



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें