नवरात्रि के दूसरे दिन मां विशालाक्षी को अर्पित की गई श्रृंगार सामग्री
विजय कुमार की रिपोर्ट वाराणसी
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
वाराणसी। शारदीय नवरात्रि के द्वितीय दिवस सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से काशी की अधिष्ठात्री देवी मां विशालाक्षी के लिए श्रृंगार सामग्री अर्पित की गई। धार्मिक परंपरा के अनुसार, श्रृंगार सामग्री को विधि-विधानपूर्वक बाबा श्री विश्वेश्वर को अवलोकित कराने के बाद मां विशालाक्षी को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में शास्त्रियों द्वारा नवदुर्गा सप्तशती का विधिवत पाठ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में मां दुर्गा की आराधना की गई तथा लोककल्याण, सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की गई।
शैव-शाक्त परंपरा का दिखा समन्वय
काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान भगवान शिव एवं मां आदिशक्ति की उपासना से जुड़ी हुई है। नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना और साधना का विशेष अवसर माना जाता है। इस दौरान श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अनुसार, नवरात्रि के अवसर पर धाम में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान काशी की सनातन सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन धार्मिक परंपराओं को संरक्षित रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
इस पावन अवसर पर मां भगवती से समस्त श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और मंगल बनाए रखने की प्रार्थना की गई।
संवाददाता: विजय कुमार जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24 सच्चाई के साथ, जनता की आवाज़।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें