यूजीसी नियमों के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की
शास्त्रीघाट से कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च, करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में
विजय कुमार की रिपोर्ट वाराणसी
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24
वाराणसी में सोमवार को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए इक्विटी नियमों के विरोध में करणी सेना और विभिन्न सवर्ण संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। शास्त्रीघाट से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाल रहे प्रदर्शनकारियों को कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शनकारियों को सिंधोरा, फूलपुर और बड़ागांव थानों में ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है।
यूजीसी के नए नियमों की वापसी की मांग
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने जनवरी 2026 में जारी यूजीसी के नए नियमों को सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के हितों के प्रतिकूल बताते हुए उनकी वापसी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सामान्य वर्ग के छात्रों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने फर्जी शिकायतों के मामलों में विद्यार्थियों को संरक्षण देने और सवर्ण आयोग के गठन की मांग उठाई।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
कलेक्ट्रेट गेट पर बढ़ा तनाव
मार्च के दौरान जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कलेक्ट्रेट परिसर की ओर बढ़ने से रोका, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। मौके पर कुछ पुलिसकर्मियों के बैज जमीन पर गिरे दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।
घटना के चलते कलेक्ट्रेट गेट पर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
कई जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी, वाराणसी जिलाध्यक्ष आलोक सिंह, मिर्जापुर जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, गाजीपुर जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार, जौनपुर जिला प्रभारी सुभाष सिंह, अभिषेक सिंह, अधिवक्ता सुमन सिंह, सेन सिंह रघुवंशी, रामाश्रय सिंह, विकास सिंह, सुनील सिंह और नितिन सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर कार्रवाई होने तक विरोध जारी रहेगा।
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24
विजय कुमार की रिपोर्ट।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें