दिव्यांग क्रिकेट आत्मविश्वास और अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक
सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 में पश्चिम बंगाल और विदर्भ के बीच रोमांचक मुकाबला
विजय कुमार की रिपोर्ट. वाराणसी
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24
वाराणसी -प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प माह के अंतर्गत वाराणसी में चल रही सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन पश्चिम बंगाल और विदर्भ की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। मैच का शुभारंभ वैद्यराज प्रमोद जायसवाल और शैलेश त्रिपाठी ने टॉस कराकर किया। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेट आत्मविश्वास, संघर्ष, प्रतिभा और अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक है। ऐसे आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही समाज में समानता, समावेशिता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प माह के अंतर्गत आयोजित यह प्रतियोगिता दिव्यांगजनों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करती है। प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता के दौरान ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा, महासचिव डॉ. संजय चौरसिया, आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, उपाध्यक्ष अखिलेश यादव, उपाध्यक्ष रौशन द्विवेदी तथा गौतम जायसवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय चौरसिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. उत्तम ओझा ने किया।
रिपोर्ट: विजय कुमार जन-जन की आवाज न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें