बैतूल: विवाहिता को आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने के मामले में पति गिरफ्तार, 6 घंटे में पुलिस की कार्रवाई
घरेलू विवाद और प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता की मौत का मामला, सुसाइड नोट सहित साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई
बैतूल (मध्य प्रदेश)। जिले के सारणी थाना क्षेत्र में विवाहिता को आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को 11 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 356/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 में प्रकरण दर्ज किया गया है।
घरेलू विवाद के बाद हुई थी घटना
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, ग्राम उमरी निवासी कान्हू धुर्वे ने 10 अक्टूबर को पुलिस को सूचना दी थी कि 9 अक्टूबर की रात उनके पुत्र जगदीश धुर्वे और बहू सम्मो धुर्वे के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। उसी रात सम्मो धुर्वे घर के पीछे आम के पेड़ पर फंदे से लटकी मिलीं। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच में प्रताड़ना से जुड़े तथ्य आए सामने
पुलिस जांच में सामने आया कि सम्मो धुर्वे की शादी लगभग 10-11 वर्ष पहले जगदीश धुर्वे से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति शराब पीने का आदी था और घरेलू सामान बेचने, पत्नी पर शक करने तथा घरेलू बातों को लेकर विवाद और प्रताड़ना करने के fb ka आरोप जांच में सामने आए।
बताया गया कि परेशान होकर सम्मो पहले भी कई बार मायके चली गई थीं। पिछले वर्ष वह अपने तीनों बच्चों के साथ करीब 9-10 महीने तक मायके में रही थीं। सामाजिक पंचों और ग्राम सरपंच की समझाइश के बाद पति द्वारा शराब नहीं पीने और मारपीट नहीं करने का आश्वासन दिए जाने पर वह मार्च-अप्रैल 2026 में ससुराल लौट आई थीं।
सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए और गवाहों के बयान, परिस्थितिजन्य साक्ष्य तथा मृतिका द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट की जांच की गई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति जगदीश धुर्वे के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में किया जाएगा पेश
थाना सारणी पुलिस ने 11 अक्टूबर को जगदीश धुर्वे, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम उमरी, थाना सारणी, जिला बैतूल को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय बैतूल के समक्ष पेश किया जाएगा।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक मनोज कुमार उईके सहित सारणी पुलिस की टीम शामिल रही।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि पारिवारिक विवादों को गंभीरता से लें और घरेलू हिंसा अथवा प्रताड़ना से संबंधित मामलों में समय रहते पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्ट: अकरम खान पटेल
ब्यूरो चीफ, बैतूल
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें