महाराष्ट्र में हत्या कर फरार वाराणसी के दो आरोपी प्रयागराज से गिरफ्तार
ठाणे के कापुरबावड़ी थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में थे वांछित
रिपोर्ट: विजय कुमार
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
वाराणसी । महाराष्ट्र के ठाणे जिले में हत्या के मामले में वांछित वाराणसी निवासी दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रयागराज के नैनी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। दोनों को 9 अक्टूबर 2026 की शाम अरैल सेल्फी प्वाइंट के पास से पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चोलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम गहनी निवासी संतोष कनौजिया पुत्र मेहीलाल और ग्राम बबियाव निवासी अमित सिंह पुत्र जय किशन सिंह के रूप में हुई है।
एसटीएफ के अनुसार, दोनों के खिलाफ महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कापुरबावड़ी थाने में मुकदमा संख्या 472/2026 दर्ज है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 3(5), 61 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश एसटीएफ से सहयोग मांगा था। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज की टीम ने सूचना जुटाई। इसके बाद एसटीएफ और ठाणे शहर क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चुनावी रंजिश में हत्या का आरोप
एसटीएफ के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 29 सितंबर 2026 को महाराष्ट्र के चितणसर मानपाड़ा क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख/कॉरपोरेटर के चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोप है कि घटना के दौरान तमंचे से गोली चलाई गई और चापड़ से गर्दन पर वार किया गया।
इस मामले में कापुरबावड़ी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसटीएफ के अनुसार, मामले में तीन अन्य साथियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि संतोष कनौजिया और अमित सिंह फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों प्रयागराज आ गए थे। संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
रिपोर्ट: विजय कुमार
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें