तेज आवाज में डीजे बजाने पर दो मामले दर्ज, मुलताई पुलिस की कार्रवाई
समझाइश के बावजूद नियमों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई, निर्धारित संख्या से अधिक साउंड बॉक्स लगाने का आरोप
बैतूल, मध्य प्रदेश। जिले में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुलताई पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, संबंधित डीजे वाहन में निर्धारित संख्या से अधिक साउंड बॉक्स लगाए गए थे और समझाइश देने के बावजूद ध्वनि की तीव्रता कम नहीं की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी मुलताई श्री एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दो अलग-अलग तारीखों में दर्ज हुए मामले
पहला मामला: पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को ग्राम चौथिया निवासी डीजे संचालक आशीष पंवार द्वारा काली माता की प्रतिमा स्थापना के जुलूस के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक MP 48 ZG-4582 में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। यह साउंड सिस्टम शाम करीब 7 बजे से रात 11 बजे तक बैतूल रोड, मंगलवारा बाजार, बस स्टैंड और फव्वारा चौक तक संचालित किया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 836/2026 के तहत मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 15 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
दूसरा मामला: पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2026 को इसी पिकअप वाहन में स्टेशन रोड से रामनगर और मुलताई मेन रोड तक शाम करीब 8 बजे से रात 10:30 बजे तक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस की समझाइश के बावजूद नियमों का पालन नहीं किए जाने पर अपराध क्रमांक 838/2026 के तहत धारा 15 मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम में एक अन्य प्रकरण दर्ज किया गया।
डीजे संचालकों से नियमों का पालन करने की अपील
मुलताई पुलिस ने डीजे, साउंड सिस्टम और बैंड संचालकों से शासन, न्यायालय तथा जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा और समय संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अत्यधिक तेज आवाज से बच्चों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और मरीजों को परेशानी हो सकती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल, उपनिरीक्षक अजय भाट, उपनिरीक्षक श्रीराम मांडवी, प्रधान आरक्षक गजराज तथा आरक्षक विवेक चौरे, अरविंद और संजीत जाट की भूमिका रही।
रिपोर्ट: अकरम खान पटेल
ब्यूरो चीफ, बैतूल
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें