दक्षिणी परिसर, बीएचयू में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ
विजय कुमार की वाराणसी
दक्षिणी परिसर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उन्हें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक तथा परिसर जीवन से परिचित कराने के उद्देश्य से तीन दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन 7 से 9 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र की शुरुआत विश्वविद्यालय के संस्थापक महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलगीत की सुमधुर प्रस्तुति की गई।
कार्यक्रम में प्रो. बी.एम.एन. कुमार, प्रोफेसर इंचार्ज, आर.जी.एस.सी. ने स्वागत संबोधन दिया। उन्होंने अतिथियों, संकाय सदस्यों और नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए आर.जी.एस.सी. के इतिहास तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं संसाधनों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ परिसर जीवन में सक्रिय भागीदारी करने और दोनों के बीच संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया।
इसके बाद प्रो. रंजन कुमार सिंह, अधिष्ठाता, छात्र कल्याण, बीएचयू ने विश्वविद्यालय की छात्र कल्याण सुविधाओं और सहायता सेवाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाओं, छात्रवृत्ति, छात्रावास, खेलकूद, कैरियर सहायता, शिकायत निवारण, एंटी-रैगिंग व्यवस्था, छात्र सुरक्षा तथा पाठ्येतर गतिविधियों सहित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी।
कार्यक्रम में प्रो. संजीव कुमार सिंह, प्राचार्य, विंध्यवासिनी मेडिकल कॉलेज, मिर्जापुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं प्रो. रंजन कुमार सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
मुख्य अतिथि प्रो. संजीव कुमार सिंह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को बीएचयू में प्रवेश मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अब अपने जीवन के एक नए और महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं अपना मार्गदर्शक एवं संरक्षक बनने तथा स्वतंत्र जीवन में सोच-समझकर निर्णय लेने की सलाह दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने, अनावश्यक विकर्षणों से दूर रहने और अपनी स्वतंत्रता का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर देते हुए छात्राओं को आत्मविश्वासी एवं आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों से परिचित कराया गया। तीन दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को बीएचयू के वातावरण में सहज रूप से समायोजित होने तथा अपने शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास के लिए उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
विजय कुमार की रिपोर्ट
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें