बैतूल में 5 हजार रुपये का इनामी हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार
सोनाघाटी माता मंदिर के पास चाकूबाजी की घटना में फरार आरोपी को कोतवाली पुलिस ने दबोचा, घटना में प्रयुक्त चाकू और स्कॉर्पियो वाहन जब्त
रिपोर्ट: अकरम खान पटेल
ब्यूरो चीफ, बैतूल
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24
बैतूल, 06 अक्टूबर 2026। जन-जन की आवाज न्यूज़ 24। बैतूल जिले में गंभीर एवं जघन्य अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी अभिषेक चन्द्रसूर्या को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी बैतूल सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में की गई।
सोनाघाटी माता मंदिर के पास हुई थी चाकूबाजी
पुलिस के अनुसार, 07 जुलाई 2026 की सुबह करीब 5 बजे सोनाघाटी स्थित माता मंदिर के सामने अभिषेक चन्द्रसूर्या एवं अमन चन्द्रसूर्या ने फरियादी नरेश उर्फ रिंकू विश्वकर्मा एवं धनराज विश्वकर्मा के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से वार किया था। घटना में धनराज विश्वकर्मा को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल बैतूल से भोपाल रेफर किया गया था।
फरियादी नरेश उर्फ रिंकू विश्वकर्मा की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 564/2026, धारा 296(बी), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
इसके अलावा दोनों आरोपियों के विरुद्ध एक अन्य प्रकरण अपराध क्रमांक 565/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत भी दर्ज किया गया था।
दोनों आरोपियों पर घोषित था 5-5 हजार रुपये का इनाम
दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कोतवाली पुलिस टीम लगातार फरार आरोपियों की तलाश एवं पतारसी में जुटी थी। इसी दौरान 05 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने आरोपी अभिषेक पिता कैलाश चन्द्रसूर्या, उम्र 23 वर्ष, निवासी कंपनी गार्डन, कोठी बाजार, बैतूल को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई अमन चन्द्रसूर्या के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन एवं चाकू विधिवत जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
अमन चन्द्रसूर्या अभी फरार
प्रकरण में दूसरा आरोपी अमन चन्द्रसूर्या, पिता गणेश पाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी शिवाजी वार्ड, बैतूल अभी फरार है। पुलिस द्वारा उसकी तलाश एवं पतारसी लगातार जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उनि चित्रा कुमरे, प्र.आर. 369 शिव, प्र.आर. 164 तरुण पटेल, आर. 56 नितिन चौहान, आरक्षक 650 उज्ज्वल दुबे, आर. 723 हर्षित डांगे, आर. 528 महेश नगदे एवं आर. 432 दुर्गेश वर्मा सहित थाना कोतवाली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24 | बैतूल

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें