पीएम मोदी की सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर सामने घाट पर हुई विशेष गंगा आरती
सेवा संकल्प अभियान के तहत मां गंगा का दूध से अभिषेक, प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना
वाराणसी। विजय कुमार की रिपोर्ट।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं शासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विशेष आयोजन किया गया। नमामि गंगे की ओर से सामने घाट पर मां गंगा की विधिवत आरती उतारी गई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए विशेष प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम के दौरान मां गंगा का दूध से अभिषेक कर देश के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र कल्याण की कामना की गई। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा के कार्यकाल को याद करते हुए उनके द्वारा किए गए राष्ट्रहित के कार्यों की सराहना की तथा बाबा श्री काशी विश्वनाथ और मां गंगा से उनके निरंतर सफल एवं यशस्वी कार्यकाल के लिए आशीर्वाद मांगा।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में काशी की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा के अनुरूप मंत्रोच्चार के बीच गंगा आरती की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज तिरंगा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हाथों में लेकर उनके 25 वर्षों के सेवा कार्यों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में गंगा स्वच्छता का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया। आयोजन में शामिल लोगों ने गंगा तट की सफाई करते हुए आमजन से स्वच्छता अभियान से जुड़ने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में संस्कार के रूप में अपनाए। गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए लोगों से घाटों पर गंदगी न फैलाने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि काशी की पहचान मां गंगा और बाबा विश्वनाथ की नगरी के रूप में पूरे विश्व में है। ऐसे में गंगा की स्वच्छता और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, स्वच्छता और राष्ट्रहित के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
आयोजन में सुभाष श्रीवास्तव, विनोद सिंह, लल्लन सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार पाण्डेय, लल्लन पाण्डेय, श्रीपति सिंह, केदारनाथ तिवारी, रमेश लाल, रमेश श्रीवास्तव, इंदु सिंह पटेल, उषा सिंह, वंश नारायण, महेंद्र एवं कमलेश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
विजय कुमार की रिपोर्ट
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें