मोदी के नेतृत्व में बदला भारत का चेहरा : पंकज चौधरी
वडनगर-काशी मोटरसाइकिल यात्रा के प्रतिभागियों का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया अभिनंदन
10 रूट इंचार्जों को अंगवस्त्रम व स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
वाराणसी। विजय कुमार की रिपोर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर से उनकी कर्मभूमि काशी तक निकाली गई मोटरसाइकिल यात्रा के सफल समापन पर बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रतिभागी कार्यकर्ताओं के साहस, संकल्प और निष्ठा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि गुजरात को नई दिशा देने के बाद बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री ने अपने विजन और नेतृत्व से देश की तस्वीर बदलने का कार्य किया है। भारत आर्थिक विकास के साथ निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है और दुनिया भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों से प्रेरणा ले रही है।
उन्होंने कहा कि गरीबों के उत्थान, महापुरुषों के गौरव की पुनर्स्थापना तथा सीमा पर तैनात जवानों के सम्मान के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की साख मजबूत हुई है। उन्होंने यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश की सीमा में कार्यकर्ताओं को हुई असुविधा के लिए क्षमा भी मांगी।
10 रूट इंचार्ज हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान यात्रा के 10 रूट इंचार्ज ध्रुविन भाई पटेल, नितिन सिंह बर्ड, श्रेयष भाई पटेल, कुलदीप बारोट, केतु पटेल, जयदेव सिंह सोलंकी, हर्पाल सिंह सिसौदिया, प्रतापभाल पिंडारिया, हिमांशु गोरानिया और कल्पेश अहीर को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा प्रसारण भी कार्यकर्ताओं ने देखा।
500 बाइकर्स ने सुना प्रधानमंत्री का संबोधन
वडनगर से काशी पहुंचे करीब 500 बाइकर्स संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुना। इसके बाद सभी बाइकर्स हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया।
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी की अगुवाई में बाइकर्स का स्वागत किया गया। इस दौरान पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया।
शंखनाद और डमरू वादन से हुआ स्वागत
यात्रा के स्वागत के दौरान शंखनाद, डमरू वादन और पुष्पवर्षा ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। बाइकर्स के स्वागत के बाद 50 महिलाएं सिर पर कलश लेकर मैदागिन से श्री काशी विश्वनाथ धाम की ओर पैदल रवाना हुईं। रास्ते में डमरू वादन और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इसके बाद बाइकर्स और कार्यकर्ता पदयात्रा करते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां सभी ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, दयाशंकर मिश्र दयालू, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, विधायक नीलकंठ तिवारी व सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी धर्मेंद्र राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी, महानगर मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय, सह संयोजक विकास बागी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें